चान्हो (रांची) । सीए परीक्षा के घोषित परिणाम में चान्हो प्रखंड के चोरया गांव की अंकिता रानी ने रांची जिला में तीसरा स्थान हासिल किया हैं।इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। अंकिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। परिणाम सामने आते ही घर में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों ने केक काटकर खुशी मनाई और अंकिता को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। अंकिता के पिता बिरजू साहू उर्फ ब्रजदेव साहू चान्हो और मांडर के साप्ताहिक हाट में कपड़ों की दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं,जिनमें दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी ऋषिता रानी भी सीए परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में टाटा स्टील में कार्यरत हैं। पिता के अनुसार, अंकिता बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही है और उसका सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना था, जिसे उसने कड़ी मेहनत से साकार किया। अंकिता ने प्रारंभिक शिक्षा मांडर स्थित ऑक्साब्रिज स्कूल स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उसने डीएवी कपिलदेव, रांची से प्लस टू की पढ़ाई पूरी की और रांची में रहकर ही सीए की तैयारी की।
Leave a comment