महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने धनबाद पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा
धनबाद । 4 फरवरी को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित होने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के 54वें स्थापना दिवस समारोह को लेकर पार्टी पूरी तरह से सक्रिय मोड़ में आ गई है। इसी क्रम में रविवार को पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय धनबाद पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला कमेटी एवं झारखंड मुक्ति युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। गोल्फ ग्राउंड में कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के बाद महासचिव श्री पांडेय ने एक अहम बैठक की। जिसमें जिला के सभी पदाधिकारियों को स्थापना दिवस समारोह को सफल व ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि श्री पांडेय सड़क मार्ग से धनबाद पहुंचे थे और निरीक्षण व बैठक के बाद शाम को वापस लौट गए।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति युवा मोर्चा धनबाद जिला अध्यक्ष सूरज महतो ने कहा कि “4 फरवरी को होने वाला झारखंड मुक्ति मोर्चा का 54वां स्थापना दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी के संघर्ष, विचारधारा और झारखंडी अस्मिता का उत्सव है।पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय जी का धनबाद आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों तक स्थापना दिवस का संदेश पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और धनबाद की धरती एक बार फिर झामुमो के गौरवशाली इतिहास की साक्षी बनेगी।
Leave a comment