सैकड़ों ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन।
बिना प्राक्कलन राशि के मरम्मत कार्य, पारदर्शिता पर उठा गंभीर सवाल।
जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी संवेदक पर कार्रवाई की मांग।
मरम्मत कार्य में अनियमितता, खाना-पूर्ति और गुणवत्ता की अनदेखी : मुखिया
हंटरगंज (चतरा) : जिले के हंटरगंज प्रखंड के लेंजवा पंचायत के कोसमाही गांव में एनआरईपी विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। सरकार से मिले फंड का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है।आंगनबाड़ी केंद्र में संवेदक के द्वारा भवन का जीर्णोद्धार में घोटाले का आरोप लगाते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों का आरोप है की केंद्र में मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर सिर्फ पैसे उगाही की जा रही है। रंगाई पोताई कर योजनाओं का कोरम पूरा किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में पांच दिन पूर्व लगी टाइल्स उखड़ने लगी है। सिर्फ बालू पर टाइल्स को चिपका दिया गया है।वहीं किचन में लगाया गया नल से अपने आप पानी रिसाव हो रहा है।जिसे सीमेंट से बंद करने की कोशिश की गई है। प्लास्टर कही कही गिर रही है।ग्रामीणों ने कहा कि बिना प्राक्कलन बोर्ड लगाए मरम्मत कार्य किया गया है, जिससे काम की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अभी तक कोई अभियंता के द्वारा भी जांच नहीं की गई है।ग्रामीणों ने इसकी सूचना लेंजवा पंचायत मुखिया को दी।सूचना मिलने के बाद लेंजवा पंचायत मुखिया योगेंद्र यादव ने जब आंगनबाड़ी मरम्मत किए गए कार्य को देखा तो वे भी दंग रह गए।उन्होंने पाया कि वहां मरम्मत के नाम पर सिर्फ पैसों का बंदरबांट किया जा रहा है। मुखिया ने बताया कि ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंका जा रहा है। संवेदक के द्वारा अभी तक प्राक्कलन राशि अंकित नहीं किया गया है, इससे साफ पता चलता है ग्रामीणों को गुमराह कर केंद्र मरम्मत कार्य पूर्ण किया गया है। फर्श में सिर्फ घटिया किस्म के टाइल्स लगाकर खानापूर्ति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की पैसा का दुरूपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर जांच करने शुक्रवार शाम एनआरईपी विभाग एसडीओ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे जहां एसडीओ के सामने ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य में अनियमितता के खिलाफ जमकर विरोध किया। एसडीओ ने भी मरम्मत कार्य देखकर संवेदक के प्रति नाराजगी जाहिर किया है।हालांकि इस दौरान एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि काम को सही ढंग से करवाया जाएगा। ऐसे में मुखिया ने आरोप लगाया कि काम तो 2 फरवरी को ही पूर्ण हो गई है, जैसा कि बोर्ड में अंकित है कागज में काम पूर्ण है और धरातल पर नहीं, सब गोलमाल है। अब ग्रामीणों के निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
Leave a comment