अलीगढ़ (यूपी) । अलीगढ़ में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ गुरुवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निजी विद्यालयों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा माफियाओं के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती ने कहा कि निजी स्कूल अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहे हैं और महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभी स्कूलों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू नहीं किया गया तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा।
वहीं यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव इमरान पठान ने कहा कि शिक्षा के नाम पर हो रही लूट को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मनमानी फीस और महंगी किताबों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।
छात्र सभा का आरोप है कि कई निजी विद्यालय मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं और अभिभावकों को महंगी किताबें खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर एडवोकेट इमरान प्रधान, एडवोकेट साजिद, फैजान पठान, हरीश माहौर, सैय्यद अली हसन, आबिद मलिक, सैय्यद फैजान, प्रभाव, ईसा चौधरी, मोहम्मद साद, अब्दुल्ला खान, सैय्यद दानिश अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रमुख मांगें :-
सभी निजी स्कूलों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू किया जाए।
मनमानी फीस पर नियंत्रण लगाया जाए।
महंगी किताबों की बाध्यता समाप्त की जाए।
नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई हो।
Leave a comment