अलीगढ़ जनपद के इगलास क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बूचड़खाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी के मामले का खुलासा किया है। कोतवाली इगलास और गोरई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव जवार में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने का भंडाफोड़ किया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन ने गोरई थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव को क्षेत्र में हुई भैंस चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दो दिन के भीतर भैंस बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव जवार में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके से तीन जिंदा भैंस, एक कटी हुई भैंस और एक कटा हुआ बछड़ा बरामद किया गया। इसके अलावा बूचड़खाने में इस्तेमाल हो रहे उपकरण, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक टेंपो भी जब्त किया गया।
इंस्पेक्टर इगलास अवधेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गोरई क्षेत्र में कुछ दिन पहले भैंस चोरी की घटना सामने आई थी, जिसकी जांच जारी थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बूचड़खाने के मालिक हाजी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने अवैध बूचड़खाने को सील कर दिया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave a comment