अलीगढ़ (यूपी)। आरटीओ द्वारा स्कूली वाहनों पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में पूर्व सांसद चौधरी विजेंद्र सिंह ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने यह ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा।
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि आरटीओ विभाग द्वारा स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले छोटे वाहन जैसे ई-रिक्शा, टेंपो और बसों को चलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत फेमिलीज स्कूल और लेडी फातिमा स्कूल सहित कई स्कूलों से जुड़े वाहनों को आरटीओ द्वारा सीज किया जा रहा है और उन पर चालान कर लगभग 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ये वाहन अधिकतर गरीब और मजदूर वर्ग के लोग चलाते हैं, जो अपने परिवार का पालन-पोषण इन्हीं के माध्यम से करते हैं। इस कार्रवाई से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
चौधरी विजेंद्र सिंह ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वाहन संचालक 15 दिनों के भीतर अपनी गाड़ियों की फिटनेस पूरी करवा लेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया कि यदि इस दौरान राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
Leave a comment