कानपुर देहात ।कानपुर देहात के पुखरायां कस्बा स्थित विदुर कुटी होटल में कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई समाज द्वारा होली मिलन, परिचय सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर समाज की महिलाओं को सम्मानित किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली खेली गई, जिसमें सभी लोगों ने एक-दूसरे को फूलों से होली की शुभकामनाएं देकर आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
वहीं कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के समापन के बाद यज्ञसेन महाराज की भव्य और विशाल शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्वजातीय बंधुओं की भारी संख्या मौजूद रही। वहीं कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई समाज पुखरायां के कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का प्रतीक चिन्ह और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम पूरे दिन उत्साह और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।
Leave a comment