कानपुर देहात । कानपुर देहात पुलिस ने अपराध की जड़ पर ऐसा प्रहार किया हैं कि हथियारों के सौदागरों में हड़कंप मच गया है। अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से पिस्टल, तमंचे, जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
दरअसल जनपद कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के करियापुर गांव के पास खंडहरनुमा मकान मे चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री में भोगनीपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापा मारा। जहां अवैध शस्त्र बनाने का पूरा जखीरा मिला। पुलिस ने अवैध शस्त्र की फैक्ट्री चलाने वाले पिता पुत्र को धर दबोचा।
पुलिस ने मौके से 5 अवैध पिस्टल 32 बोर मय मैगजीन, 1 अवैध तमंचा 32 बोर , 3 अवैध तमंचा 315 बोर, 1 अर्धनिर्मित तमंचा 12 बोर ,1 खोखा कारतूस 315 बोर ,1 जिंदा कारतूस 12 बोर ,1 जिंदा कारतूस 32 बोर ,और भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किये।
इसके अलावा आरोपियों के पास से 2 मोबाइल, 1000 रुपये नगद और एक बाइक भी बरामद हुई है।
पकड़े गए दोनों आरोपी पुराने और शातिर अपराधी बताए जा रहे हैं। इन पर पहले से दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी गैर जनपदों और दूसरे राज्यों में अवैध हथियार सप्लाई कर रहे थे।
इस बड़ी सफलता के बाद एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Leave a comment