कानपुर देहात । केंद्रीय बजट 2026 को लेकर बुधवार को कानपुर देहात के सर्किट हाउस माती में एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश शुक्ला ने संबोधित किया।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने केंद्रीय बजट 2026 को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि यह बजट भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में डिजिटल टेक्नोलॉजी पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे आने वाले समय में देश तकनीकी रूप से और मजबूत होगा।
किसानों के लिए नई तकनीकों के माध्यम से आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है। AI तकनीक आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को मौसम की सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे खासतौर पर उत्तर प्रदेश के किसानों की उत्पादकता और आय दोनों में बढ़ोतरी होगी।
मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की आय पर जीरो इनकम टैक्स का प्रावधान किया गया है। वहीं दुर्लभ बीमारियों के इलाज पर टैक्स में छूट देने का भी निर्णय लिया गया है।
सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को मजबूती देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। देशभर में 200 पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम स्थापित किए जाने का भी ऐलान किया गया है।
बजट में तिलहनों में आत्मनिर्भरता के लिए सरसों, मूंगफली, तिल, सोयाबीन और सूर्यमुखी जैसी फसलों को विशेष सहायता देने की बात कही गई है। रक्षा क्षेत्र के बजट में 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
इसके अलावा 7 उच्च गति रेल कॉरिडोर विकसित करने, प्रत्येक जिले में एक कन्या छात्रावास की स्थापना और 15 पुरातत्व स्थलों को विकसित करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल है। तीर्थ नगरों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
सिटी इकोनामिक रीजन के विकास के तहत लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और वाराणसी जैसे शहर रोजगार और स्टार्टअप हब के रूप में विकसित होंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया और किसानों द्वारा फसल खरीद में हो रही दिक्कतों को लेकर अधिकारियों की लापरवाही पर चिंता जताई। उन्होंने जिले की समस्याओं को बिंदुवार प्रभारी मंत्री के सामने रखा।
प्रभारी मंत्री संजय निषाद ने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष सोनेलाल निषाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment