अलीगढ़ एसपी नीरज कुमार जादौन की अपील ‘राहवीर’ योजना के तहत घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा 25 हजार रुपये का इनाम।
अलीगढ़ । जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में घायलों की जान बचाने के उद्देश्य से एसपी नीरज कुमार जादौन द्वारा आमजन से सहयोग की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि कई बार सड़क दुर्घटना होने पर आसपास मौजूद लोग पुलिस या एंबुलेंस का इंतजार करते रहते हैं, जिससे घायल को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार की “राहवीर” योजना के तहत किसी भी व्यक्ति को दुर्घटना में घायल की मदद करने से घबराने की आवश्यकता नहीं है। हादसे के बाद गोल्डन ऑवर (दुर्घटना के तुरंत बाद का महत्वपूर्ण समय) में यदि कोई व्यक्ति घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद करता है और पुलिस को सूचना देता है, तो उसे योजना के अंतर्गत सम्मानित किया जाएगा।
राहवीर योजना के तहत दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र के साथ 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
अलीगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तुरंत सहायता करें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सकें।
Leave a comment