खनियाधाना (मध्यप्रदेश) । अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग ने बुधवार तड़के ऐसी करारी चोट किया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।खनियाधाना के पास स्थित सिलपुरा कंजर डेरा पर दी गई सुनियोजित दबिश में विभाग ने लगभग 27 लाख रुपये से अधिक कीमत का अवैध मदिरा सामग्री नष्ट और जब्त कर अवैध धंधेबाजों की कमर तोड़ दी।यह बड़ी कार्रवाई कलेक्टर रविंद्र चौधरी एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में अंजाम दी गई। जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में गठित टीम ने वृत्त पिछोर प्रभारी लोकेश बेवारिया की अगुवाई में इलाके के कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।जैसे ही टीम सिलपुरा कंजर डेरा पहुंची, वहां अवैध शराब बनाने का बड़ा जखीरा मिला। कार्रवाई के दौरान मौके से 27,200 किलोग्राम गुड़ लहान (कच्ची शराब बनाने की सामग्री) बरामद की गई।आबकारी अमले ने विधिवत सैंपल लेकर पूरे लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया।जिससे हजारों लीटर कच्ची शराब बनने से पहले ही रोक दी गई।इसके अलावा 46 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई।जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 27,69,200 रुपए बताई जा रही है। आबकारी विभाग ने इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। विभाग की इस तेज़ और सटीक कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि अवैध शराब कारोबारियों के लिए अब पिछोर क्षेत्र सुरक्षित ठिकाना नहीं रहा। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में वृत्त प्रभारी लोकेश बेवारिया के साथ आबकारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज, उपनिरीक्षक गौरव कुमार कोल, आरक्षक गिरराज, सतीश, डोंगर सिंह, रितिक धाकड़, सैनिक सुमन जोशी, रितु और दिलीप की अहम भूमिका रही। वृत्त प्रभारी ने साफ कहा कि नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Leave a comment