एसपी ने जनपद के हर थाना क्षेत्र में भृमण कर सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।
होली में उपद्रवियों को सख्त चेतावनी।
कानपुर देहात । होली के पर्व को लेकर कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर पूरे जिले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
होली के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने अपर पुलिस अधीक्षक और सभी क्षेत्राधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल के साथ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
होलिका दहन से पहले पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। वहीं हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि होली का पर्व प्रेम और सौहार्द का त्योहार है। सभी लोग इसे शांतिपूर्वक मनाएं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस पूरी तरह सतर्क है। साथ ही जनपद वासियों को होली की शुभकामनाएं दी ।
फिलहाल कानपुर देहात पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ त्योहार को सकुशल संपन्न कराने में जुटी हुई है, ताकि जनपद में होली हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाई जा सके।
Leave a comment