बिजनौर (यूपी) । बिजनौर पुलिस ने एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भड़काने और आपराधिक गतिविधियों के लिए उकसाने में सक्रिय थे। जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम लाइव के माध्यम से AK-47 और हैंड ग्रेनेड जैसे हथियारों का प्रदर्शन कर युवाओं को प्रभावित करते थे और उन्हें अपने नेटवर्क से जोड़कर भविष्य में बड़े आपराधिक व देशविरोधी कार्यों के लिए तैयार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में उवैद मलिक पुत्र रहीश, निवासी टांडा माईदास थाना नगीना देहात, तथा बिलाल हैदर उर्फ समीर पुत्र स्व. मोहम्मद अकरम, निवासी बुलंदपुर उर्फ मुंडाखेड़ा थाना नजीबाबाद शामिल हैं। पूछताछ में बिलाल ने बताया कि वह पहले गुजरात के सूरत में सैलून पर काम करता था और वहीं से उसने सोशल मीडिया के जरिए उवैद की पहचान आकिब और मैजुल से कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को आकिब के संपर्क में लाते थे और उसके विचारों का प्रचार-प्रसार करते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों में समीर उर्फ रूहान, मैजुल, आकिब और आजाद शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनसे महत्वपूर्ण ऑडियो व डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
Leave a comment