धनबाद : बिरसा मुंडा पार्क के समीप महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स नावाडीह में संचालित डॉ. मिहिर किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को अज्ञात अपराधियों द्वारा आईसीयू के बाहर धमकी भरा पत्र चिपकाकर जान से मारने की धमकी दिए जाने से क्षेत्र में भय का माहौल है। घटना के बाद डॉक्टरों और आम नागरिक डरे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो तत्काल अस्पताल पहुंचे और डॉ. मिहिर कुमार व उनकी पत्नी से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। सांसद ने डॉक्टर को निर्भीक होकर सेवा कार्य जारी रखने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाज की सेवा करने वालों को डरने की जरूरत नहीं है।
इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने मौके पर ही धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी और धमकी देने वाले अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने कहा कि धनबाद में डॉक्टरों और व्यापारियों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वाले गुंडों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं, तो धनबाद में भी अपराधियों के खिलाफ यूपी मॉडल जैसी सख्त कार्रवाई करने में देर नहीं लगेगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और चिकित्सक समुदाय में आक्रोश है। सभी ने प्रशासन से डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।
Leave a comment