देवघर । मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ के पास हुए चर्चित लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश रामानी (22 वर्ष), शशांक शेखर उर्फ गोलू (22 वर्ष), शिवम कुमार (24 वर्ष) और राहुल कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल सफेद फॉर्च्यूनर कार, बिना नंबर की R15 बाइक और फॉर्च्यूनर की नंबर प्लेट के चार टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
घटना 23 अप्रैल की देर रात करीब 11:15 बजे की है। रांची से फ्रिज लोड कर साहिबगंज जा रहे एक टाटा मैजिक वाहन को अपराधियों ने मोहनपुर थाना क्षेत्र के शशिभूषण गांव के पास ओवरटेक कर रोक लिया। फॉर्च्यूनर कार और R15 बाइक पर सवार अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट की और पिस्तौल की बट से घायल कर दिया। इसके बाद चालक से 2000 रुपये नकद और सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल लूट लिया।
लूटपाट के बाद अपराधी चालक को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक अपराधी की पिस्तौल से अचानक गोली चल गई, जो उसके ही साथी राजन लाल को लग गई। घायल अवस्था में उसे देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सभी आरोपियों को देवघर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस इस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।
Leave a comment