निरंतर मेहनत और संघर्ष से ही मिलती है सफलता : शिल्पी नेहा तिर्की
मांडर : संत जॉन हाई स्कूल नवाटांड़ में वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की बड़ी संख्या मौजूद रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ता से खड़े रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि विद्यार्थियों की मेहनत आने वाले समय में जरूर रंग लाएगी और वे अपने परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि यहाँ पढ़ने वाले अधिकांश छात्र-छात्राएँ ऐसे परिवारों से आते हैं, जहाँ आर्थिक संसाधन सीमित हैं। कई विद्यार्थी सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से संबंध रखते हैं, जिनके माता-पिता कठिन परिश्रम कर अपने बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। ऐसे परिवेश में शिक्षा प्राप्त करना केवल एक अवसर नहीं, बल्कि संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है।
मंत्री ने विशेष रूप से छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियाँ तमाम कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा के प्रति गंभीर हैं और लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है। मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Leave a comment