आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए अहम निर्देश
अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था पर जोर, पुलिस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश
धनबाद पुलिस के कार्य से संतुष्ट दिखे आईजी, एसएसपी के नेतृत्व की सराहना की।
धनबाद । पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) उत्तरी छोटनागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। उनके आगमन पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
धनबाद आगमन के उपरांत आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार पहुंचे। जहाँ उन्होंने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ औपचारिक परिचय प्राप्त किया। परिचय सत्र के दौरान उन्होंने प्रत्येक अधिकारी से उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों की जानकारी विस्तार से ली।
इसके पश्चात आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आईजी ने जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, वारंट-निष्पादन, गश्ती व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
आईजी ने विशेष रूप से संगठित अपराध, साइबर अपराध, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के मामलों में गंभीरता बरतने और त्वरित जांच एवं निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान आईजी ने तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को मजबूत करने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में संतोषजनक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को इस प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुलिस आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करे, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। इससे पुलिस के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
Leave a comment