बोकारो : बोकारो की पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया।जब एसपी नाथू सिंह मीणा ने कर्तव्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में चीरा चास थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। घटना 4 मई 2026 की शाम की है, चीरा चास थाना क्षेत्र स्थित दीगा रीजेंसी के पास मारपीट की घटना सामने आई।आरोप है कि मनीष हर्ष पांडे और उनके सहयोगियों ने एक मामले के अभियुक्त आरिफ अंसारी के साथ मारपीट की।
सूचना मिलने पर गश्ती दल के अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एएसआई संजय कुमार मंडल मौके पर पहुंचे, लेकिन यहीं से लापरवाही की कहानी शुरू हो गई।
एसडीपीओ चास की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई।जहां घायल आरिफ अंसारी को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय थाने लाकर हाजत में बंद कर दिया गया।
इसे अमानवीय कृत्य और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला कदम माना गया।इतना ही नहीं वायरल वीडियो में एएसआई संजय कुमार मंडल थाना कार्यालय में निर्धारित वर्दी के बिना नजर आए।
थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पुष्पराज कुमार पर आरोप है कि उन्होंने घायल को अस्पताल भेजने में तत्परता नहीं दिखाई और अधीनस्थों पर नियंत्रण रखने में विफल रहे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Leave a comment