हजारीबाग : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार 13 अक्टूबर को भाकपा (माओवादी) संगठन के पूर्व जोनल कमांडर सुनिल गंझू को बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाट गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली पर 42 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग से मिली जानकारी के अनुसार, डीजीपी झारखंड के निर्देश पर जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि भाकपा (माओवादी) का रिजनल कमांडर शहदेव महतो और सब-जोनल कमांडर नताशा अपने चार-पांच सदस्यों के साथ बड़कागांव क्षेत्र में सक्रिय है और लेवी वसूलने के लिए जोराकाट गांव आने वाले हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिनमें से एक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सुनिल गंझू (पिता-स्व. चमन गंझू, निवासी- सिमरातरी, थाना पत्थलगडा, जिला चतरा) बताया। तलाशी के दौरान उसके झोले से नक्सली लेटर पैड बरामद हुआ, जिस पर “उत्तरी छोटानागपुर जोनल कमिटी भाकपा (माओवादी)” लिखा था। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से संगठन की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।
Leave a comment