आर्या न्यूज : कानपुर देहात की रनिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर रनिया थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने पुलिस टीम के साथ इलाके में फेरी लगाकर प्लास्टिक के बर्तन बेचने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर रायपुर कुकहट स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छापा मारा गया, जहां से करीब 1 क्विंटल गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सीओ अकबरपुर संजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जाना था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रनिया पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
Leave a comment