अलीगढ़ । सिविल लाइन और क्वार्सी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 अवैध पिस्टल, 4 देसी तमंचे तथा भारी मात्रा में अवैध कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में दो छात्र अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान शाहनवाज खान पुत्र सैफुल इस्लाम और मोहम्मद काशिफ पुत्र बहाउद्दीन के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त सौरव पर आर्म्स एक्ट के कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में एक क्राउन प्लाजा होटल का मालिक भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पंजीपुर रोड स्थित खंडहर किले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की जा रही है और आरोपी डकैती की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया है कि अवैध हथियारों की सप्लाई उत्तरप्रदेश,दिल्ली और आसपास के राज्यों में की जा रही थी। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
घटना का खुलासा अलीगढ़ पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि उनके निर्देशन में सिविल लाइन और क्वार्सी पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और हथियार सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Leave a comment