वार्ड 30 की पार्षद निर्मला देवी ने किया भूमि पूजन, कहा- ‘धार्मिक गरिमा को मिलेगी नई पहचान, जनसेवा ही मेरा संकल्प’
धनबाद : धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 30 में विकास कार्यों को गति देते हुए बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। वार्ड 30 की पार्षद निर्मला देवी ने स्थानीय मनईटांड़ छठ तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस पूरी महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग ₹3 करोड़ है।
सांस्कृतिक और धार्मिक गरिमा को मिलेगी नई पहचान : भूमि पूजन के शुभ अवसर पर स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए पार्षद निर्मला देवी ने कहा, “यह परियोजना हमारे क्षेत्र के विकास तथा मनईटांड़ छठ तालाब की सांस्कृतिक एवं धार्मिक गरिमा को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने विश्वास जताया कि सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को एक अधिक स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला परिसर उपलब्ध होगा, जिससे महापर्व छठ के दौरान और आम दिनों में भी लोगों को काफी सहूलियत होगी।
विकास और जनसेवा ही प्राथमिकता : कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने आगे कहा, “आप सभी के सहयोग और विश्वास से वार्ड 30 के विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। जनसेवा ही मेरा संकल्प है, और वार्ड 30 का समग्र विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
इस शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु व नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
Leave a comment