अलीगढ़ । अलीगढ़ पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर अलीगढ़ के ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र में चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि चाइनीज मांझे के इस्तेमाल से अगर किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो इस मामले में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों और इसका उपयोग करने वालों – दोनों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2016 से ही चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है। बावजूद इसके, कुछ स्थानों पर इसकी अवैध बिक्री और इस्तेमाल की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा भी इस मुद्दे पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अभियान के दौरान दुकानों की जांच की गई और लोगों को चाइनीज मांझे से होने वाले जानलेवा खतरों के बारे में जागरूक किया गया।
अलीगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और इसकी अवैध बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Leave a comment