रांची । भारतीय रिज़र्व बैंक राँची क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 7 से 13 अप्रैल 2026 तक “ज्ञान अभियान” के तहत स्कूली छात्रों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में कस्तूरबा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, नामकुम और कस्तूरवा गांधी बालिका विद्यालय, बुंडू में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन प्रसाद सिंह सहित साख फाउंडेशन के मनोज सिंह उपस्थित रहें। मुख्य अतिथि के रूप में प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए वित्तीय साक्षरता के महत्व, बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल लेन-देन और सतर्कता के पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें ‘वित्तीय साक्षरता मित्र’ बनकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में डिजिटल सामग्री से युक्त ‘वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता दीर्घा’ का भी उद्घाटन किया गया। इस दौरान बैंकिंग, बजट, बीमा और निवेश से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया, जिसे प्रतिभागियों और शिक्षकों ने सराहा। आरबीआई की इस पहल को प्रदेश में वित्तीय साक्षरता और जनजागरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
Leave a comment