जुलूस में शामिल हुए सभी समुदाय के लोग, खिलाड़ियों ने दिखाए एक से बढ़कर एक करतब
धनबाद (झारखंड) : बाघमारा प्रखंड के बौआ कला उत्तर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। क्षेत्र के बड़की बौआ में जुलूस निकाला गया। जिसमें सभी समुदाय के लोग शामिल हुए। धार्मिक झंडों से पूरा क्षेत्र गुलजार रहा। जुलूस के दौरान या अली और या हुसैन के नारों से वातावरण गूंज उठा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए। या हुसैन क्लब द्वारा पीढ़ियों से शांतिपूर्ण, सौहार्द और भाईचारे के साथ यह पर्व मनाया जाता रहा हैं। जुलूस भ्रमण के दौरान विभिन्न चौक – चौराहों पर सभी खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाये। जुलूस में जिप सदस्य मो. इसराफिल, मुखिया भीम लाल रजक, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मीनारायण रजक, ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य जन भी शामिल हुए।
इस्लामिक मान्यता के अनुसार मुहर्रम की 10वीं तारीख आशूरा को कर्बला की जंग में हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों ने सत्य और इंसाफ की रक्षा के लिए शहादत दी थी। उनकी याद में ताजिया जुलूस निकाला जाता है तथा श्रद्धालु रोजा, नमाज और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शोक व्यक्त करते हैं। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।
या हुसैन क्लब के अध्यक्ष मो. तनवीर आलम ने कहा कि सभी समुदाय के लोग मिल कर आपसी भाईचारे के साथ वर्षों से मुहर्रम मनाते आ रहें हैं। जुलूस में सभी ग्रामीण शामिल होते हैं। जुलूस इमामबाड़ा से शुरू हुआ और शाम को निर्धारित समय के अनुसार सभी करबला के लिए रवाना हुये।
मुखिया भीम लाल रजक ने कहा कि हमारे पंचायत में भाईचारे के साथ हमेशा यह पर्व मनाया जाता हैं। जो हम सबके लिए खुशी की बात हैं। ऐसा ही सभी समुदाय के बीच भाईचारा बना रहें, यही कामना करते हैं।
मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें। जिन्होंने कहा कि मुहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि त्याग, बलिदान, आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का भी एक बड़ा प्रतीक है।
मुहर्रम पर्व को लेकर ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
Leave a comment