घटनास्थल के पास खड़ी मिली टाटा नेक्सॉन कार, जांच में जुटी पुलिस
धनबाद: बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के कौशलपुरम सोरीटांड़ (बौआ कला उत्तर पंचायत) स्थित ईंट भट्ठे की ओर जाने वाले मार्ग की झाड़ियों में गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक का चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचला हुआ था। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस टीम व एसडीपीओ ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। इसके साथ ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा: “प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से कुचलकर हत्या का प्रतीत होता है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर एक संदिग्ध टाटा नेक्सॉन कार (संख्या: JH-10-CX-1864) खड़ी पाई गई है। पुलिस कार के आधार पर मृतक की पहचान स्थापित करने और अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।”
घटनास्थल पर रहे मौजूद
घटनास्थल पर कतरास अंचल के पुलिस निरीक्षक मो. रुस्तम, ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव, जिला परिषद सदस्य मो. इसराफिल, पंचायत समिति सदस्य शंकर रजक सहित काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
Leave a comment