रांची के नामकुम ईएसआईसी अस्पताल में इम्यूनाइजेशन सप्ताह,टीकाकरण से बीमारियों पर जीत का संदेश।
टीकाकरण से बढ़ाएं इम्यूनिटी, घातक बीमारियों से पाएं सुरक्षा : डॉ कश्मीरा ज़िलानी
रांची : ईएसआईसी हॉस्पिटल नामकुम में इम्यूनाइजेशन सप्ताह के अवसर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को टीकाकरण के महत्व और उससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों के लिए समय पर सभी आवश्यक टीके लेना बेहद जरूरी है, जिससे उनका शारीरिक विकास बेहतर होता है और रोगों से लड़ने की क्षमता मजबूत होती है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा ने कहा कि टीकाकरण शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाता है, जिससे बच्चों में संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति ने महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के खतरे पर चिंता जताते हुए एचपीवी वैक्सीन के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि 13 से 47 वर्ष की महिलाओं के लिए यह टीका बेहद लाभकारी है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में कारगर साबित होता है।
कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कश्मीरा जिलानी ने वयस्कों के लिए भी टीकाकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन्फ्लूएंजा, हेपेटाइटिस-बी, टाइफाइड और निमोनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए भी टीके उपलब्ध हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने लोगों से अपील किया कि वे खुद भी जागरूक बनें और दूसरों को भी टीकाकरण के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जैसे टीकाकरण के जरिए कई बीमारियों पर काबू पाया गया है, वैसे ही सामूहिक प्रयास से अन्य बीमारियों को भी हराया जा सकता है।
Leave a comment