13 जुलाई को देंगे धरना, टेंडर का करेंगे बहिष्कार
धनबाद: रॉयल्टी चालान जमा करने की नई प्रक्रिया को लेकर धनबाद जिला संवेदक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को स्थानीय एक विवाह भवन में संघ की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ संवेदकों का महाजुटान हुआ। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने की, जबकि मंच संचालन सुनील सिंह द्वारा किया गया। बैठक में सभी संवेदकों ने एक स्वर में नई प्रक्रिया को पूरी तरह से अव्यावहारिक बताते हुए इसका कड़ा विरोध जताया।
13 और 18 जुलाई के टेंडर का सामूहिक बहिष्कार
संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि विभाग का यह रवैया संवेदकों के हित में नहीं है। संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि:
- 13 जुलाई को RCD (पथ निर्माण विभाग) के ऑफलाइन टेंडर पेपर की बिक्री का बहिष्कार किया जाएगा।
- 18 जुलाई को BCD (भवन निर्माण विभाग) के ऑफलाइन टेंडर पेपर की बिक्री में भी कोई संवेदक भाग नहीं लेगा।
- इसके अलावा, 13 जुलाई को अपनी मांगों के समर्थन में संवेदक रणधीर वर्मा चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे।
बेतुके आदेश के खिलाफ होगा पुतला दहन
मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जिले के वरिष्ठ संवेदक पुरुषोत्तम उर्फ डब्लू झा ने कहा कि विभाग द्वारा जारी किया गया यह आदेश पूरी तरह से बेतुका और अन्यायसंगत है। उन्होंने एलान किया कि आगामी 13 जुलाई को जिले के सभी संवेदक रणधीर वर्मा चौक पर जुटेंगे और विभाग के इस फैसले के विरोध में पुतला दहन करेंगे।
भुगतान न होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी
वहीं, वरिष्ठ संवेदक राजेश सिंह ने कहा कि उन्हें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। विभाग ने संवेदकों के साथ जो इकरारनामा (Agreement) किया है, उसे उसी पर टिके रहना चाहिए और संवेदकों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो संवेदक न्यायालय की शरण में जाने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित:
इस अति आवश्यक बैठक में मुख्य रूप से सरवन रॉय, पप्पू चौरसिया, लक्ष्मण सिंह, ओपी यादव, अजय कुमार, प्रहलाद यादव, देवेंद्र सिंह, सोनू सिंह, शंकर दुबे, काशीनाथ प्रसाद समेत जिले के कई अन्य गणमान्य संवेदक उपस्थित थे।
Leave a comment